Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों पर पथराव, कई बोगियों के...

बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों पर पथराव, कई बोगियों के शीशे टूटे; रेल यात्रियों में हड़कंप

Vande Bharat Express stone pelting: मुजफ्फरपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों पर पथराव की घटना से हड़कंप मच गया. पथराव में कई कोचों के शीशे टूट गए. आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है.

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 18, 2026, 8:06:14 AM

Vande Bharat Express stone pelting

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Vande Bharat Express stone pelting: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार की शाम रेल सुरक्षा को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ महज़ डेढ़ घंटे के भीतर एक के बाद एक तीन प्रमुख ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं से हड़कंप मच गया। पथराव की चपेट में आने वाली ट्रेनों में देश की प्रीमियम ट्रेन पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है। इस उपद्रव में वंदे भारत एक्सप्रेस के तीन कोचों के शीशे आंशिक रूप से टूट गए हैं।


जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को उपद्रवियों ने मुजफ्फरपुर जंक्शन और रामदयालु नगर स्टेशन के बीच ट्रेनों को निशाना बनाना शुरू किया। सबसे पहले ट्रेन संख्या 26501 पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर मझौलिया और खबरा के निकट जोरदार पत्थरबाजी की गई। पत्थरों की चोट से ट्रेन के तीन कोचों की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके तुरंत बाद इसी रूट पर चल रही ट्रेन संख्या 15550 पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस पर भी अलग-अलग स्थानों पर पथराव किया गया। डेढ़ घंटे के भीतर तीन ट्रेनों पर हुए इस हमले से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


एक साथ तीन ट्रेनों पर पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर आरपीएफ (RPF) और हाजीपुर आरपीएफ की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और घटनास्थल पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस में सुरक्षा के लिहाज से लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि पत्थरबाजों की पहचान की जा सके।


शुरुआती जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर रेलवे पुलिस को आशंका है कि ट्रैक के किनारे खेल रहे बच्चों द्वारा खेल-खेल में यह पत्थरबाजी की गई होगी। हालांकि, पुलिस इस मामले में किसी भी अन्य साजिश के पहलू को खारिज नहीं कर रही है। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर रही है ताकि इस गंभीर घटना के असली जिम्मेदारों को पकड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।