Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले में अवैध लकड़ी तस्करी रोकने गई वन विभाग की टीम पर शुक्रवार की संध्या को टमटम चालकों ने हमला कर दिया। मानगढ़–सिंधिया पथ पर चिमनी भट्ठा के पास हुई इस घटना में चार वनकर्मी घायल हो गए और विभागीय वाहन के आगे और पीछे का शीशा टूट गया।
रेंजर जंग बहादुर राम के अनुसार, वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध लकड़ी लदे टमटम इस मार्ग से गुजर रहे हैं। इसके बाद टीम ने मानगढ़–सिंधिया पथ पर छापेमारी शुरू की और आठ टमटम को रोका। कार्रवाई देखते ही दो टमटम चालक वाहन समेत फरार हो गए, जबकि छह चालक वाहन छोड़कर भाग निकले।
जब वनकर्मी जब्त किए गए टमटम लेकर वापस लौट रहे थे, तभी फरार चालक और उनके साथियों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में वन सिपाही विवेक कुमार का दाहिना हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं अभिषेक कुमार, राकेश कुमार और आदेश कुमार को आंशिक चोटें आईं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार धरहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
रेंजर जंग बहादुर राम ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा चुका है और एक टमटम जब्त कर लिया गया है। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध लकड़ी तस्करी में शामिल सभी व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त टीमों की तैनाती और गुप्त छापेमारी अभियान जारी रहेगा। साथ ही, स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अवैध लकड़ी तस्करी की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि जंगल और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।





