1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 20, 2026, 10:28:49 PM
शिक्षकों में खासा आक्रोश - फ़ोटो रिपोर्टर
MADHUBANI: मधुबनी जिले के घोघरडीहा शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रशिक्षणरत शिक्षकों को परोसे गए नाश्ते की सब्जी में मरा हुआ गिरगिट मिला। घटना सामने आते ही संस्थान में दहशत और नाराजगी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि 20 मई 2026 को दिन के नाश्ते के दौरान सब्जी परोसी गई थी। इसी दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों की नजर सब्जी में पड़े मरे हुए गिरगिट पर पड़ी। इसके बाद वहां मौजूद शिक्षकों ने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रशिक्षणरत शिक्षकों का आरोप है कि इस मामले की शिकायत संस्थान प्रशासन से की गई, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे करीब चार दर्जन प्रशिक्षु शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शिक्षकों का कहना है कि यह घटना संस्थान की लापरवाही को उजागर करती है और प्रशिक्षुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। घटना के बाद से संस्थान की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट