Hindi News / bihar / katihar-news / कुत्ते को बचाने के चक्कर में गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, NH-31...

कुत्ते को बचाने के चक्कर में गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, NH-31 पर मची अफरा-तफरी

बिहार के कटिहार जिले में NH-31 पर गैस सिलेंडरों से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और गैस रिसाव भी नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 06, 2026, 8:30:26 PM

बिहार न्यूज

कटिहार में टला बड़ा हादसा - फ़ोटो सोशल मीडिया

KATIHAR: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुर्सेला थाना क्षेत्र के विषहरी स्थान के पास NH-31 पर गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत की सूचना नहीं है।


प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो ट्रक के पलटते ही जोरदार आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। गैस सिलेंडरों से लदा वाहन सड़क किनारे पलटा देख लोगों को किसी बड़ी अनहोनी की आशंका सताने लगी। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी प्रकार का गैस रिसाव हुआ। ट्रक चालक ने बताया कि वह गैस सिलेंडर लेकर बांका से किशनगंज जा रहा था। कुर्सेला के विषहरी स्थान के पास अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और सिलेंडर से भरा ट्रक सड़क किनारे पलट गया।


घटना की सूचना मिलते ही कुर्सेला थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए। कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य कर दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक से गैस का रिसाव हो जाता या कोई अन्य अप्रिय घटना घटती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते स्थिति नियंत्रित हो जाने से संभावित बड़ी तबाही टल गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।