JAMUI: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस एवं केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम द्वारा लगातार फ्लैग मार्च और सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार की देर रात जमुई एसपी विश्वजीत दयाल को गुप्त सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मलयपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव के समीप नदी किनारे स्थित सिंचाई विभाग के जर्जर भवन के पास हथियारों के साथ देखे गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस निरीक्षक सह मलयपुर थाना अध्यक्ष विकास कुमार, एसआई महेश प्रसाद सिंह, पंकज कुमार, अर्चना कुमारी, जिला सूचना इकाई के आलोक कुमार, एसटीएफ तथा सीआरपीएफ 119 बटालियन के जवान शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से AK-47 राइफल का 10 जिंदा कारतूस से भरा हुआ मैगजीन और INSAS राइफल के दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आस-पास के क्षेत्र की तलाशी के दौरान कई लोगों के जूतों के निशान और बाइक के टायरों के निशान भी पाए गए, जिससे यह संकेत मिला कि वहां एक समूह इकट्ठा था, जो संभवतः चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की साजिश रच रहा था। पुलिस की भनक लगते ही सभी संदिग्ध मौके से फरार हो गए। माना जा रहा है कि भागने के दौरान ही उनके हाथ से मैगजीन और कारतूस गिर गए। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में नक्सली तत्वों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने बरामद कारतूस और मैगजीन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले पर एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जमुई पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व नदी किनारे स्थित जल संसाधन विभाग की खंडहर बिल्डिंग में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में सीआरपीएफ, एसटीएफ और मलयपुर थाना पुलिस की टीम भेजी गई। छापेमारी में AK-47 का मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। नक्सली कनेक्शन सहित अन्य सभी एंगल से जांच की जा रही है। एसपी ने कहा कि जिले में भयमुक्त, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए लगातार छापेमारी और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं।





