1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 06, 2026, 11:53:57 AM
- फ़ोटो
Bihar Police Bharti News: बिहार के गोपालगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय एक युवक की दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई. साथी अभ्यर्थी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
यह घटना नगर थाना क्षेत्र के तेलंगही मैदान की है. मृतक की पहचान बसडीला नवका टोला निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रंजीत बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे और रोज की तरह सोमवार सुबह दौड़ का अभ्यास करने मैदान पहुंचे थे. वह भर्ती की शारीरिक परीक्षा को लेकर लगातार मेहनत कर रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रंजीत ने दौड़ के तीन राउंड पूरे किए थे. इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान में ही गिर पड़े. साथ में दौड़ रहे अभ्यर्थियों और आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया. इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. इसलिए फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. वहीं रंजीत की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.