1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 05, 2026, 11:42:20 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिस युवक की तलाश में परिजन कल तक इधर-उधर भटक रहे थे, उसका शव अगले ही दिन चंवर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
मृतक की पहचान जिगना पंचायत के तोताराम टोला निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मनोज के अचानक लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था. इसी बीच अगले दिन उसकी लाश मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया.
जानकारी के अनुसार बसंतपुर चंवर में कुछ स्थानीय लोगों की नजर एक युवक के शव पर पड़ी. सुनसान इलाके में शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह मीरगंज थानाध्यक्ष नीरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गया.
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.
(गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट)