1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 13, 2026, 11:47:34 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: गया जिले में गौतम यादव हत्याकांड को लेकर परिजनों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। हत्या के मामले में हिरासत में लिए गए चार नामजद आरोपितों को पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने से नाराज़ परिजनों और ग्रामीणों ने पहले थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद विशुनगंज बाजार के पास सड़क पर आगजनी कर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मामला मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट के पास स्थित गोपालपुर गांव निवासी राजकुमार यादव के पुत्र गौतम कुमार की हत्या से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि 10 जुलाई की रात गौतम यादव पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में घटना का संबंध सूद के पैसे के लेनदेन के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
मृतक के पिता राजकुमार यादव ने बोधगया थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि हिरासत में लिए गए अन्य चार आरोपितों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। इसी कार्रवाई से नाराज़ परिजन न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब हत्या के मामले में नामजद आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य मौजूद हैं, तो उन्हें छोड़ना न्याय के साथ खिलवाड़ है। परिजनों ने मांग की कि छोड़े गए सभी आरोपितों को दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उनका कहना था कि जब तक सभी आरोपितों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
घटना की सूचना मिलते ही मगध मेडिकल थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक पुलिस और परिजनों के बीच वार्ता होती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। पुलिस लगातार लोगों को शांत कर जाम हटाने की कोशिश करती रही।
इस विरोध प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
गया जिले से नितम राज रिपोर्ट