1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 06, 2026, 10:50:37 AM
- फ़ोटो
Bihar Cyber Crime News: बिहार के गया जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. साइबर थाना पुलिस ने 2 करोड़ 91 लाख रुपये से ज्यादा की ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर फर्जी तरीके से एक्टिव कराए गए सिम कार्ड साइबर ठगों तक पहुंचाने का आरोप है. पुलिस ने उसके घर से 47 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं. इस कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है.
गया साइबर डीएसपी अब्दुर रहमान दानिश के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में डोभी थाना क्षेत्र के अमारूत गांव निवासी गौतम कुमार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज इन्वेस्टमेंट स्कैम की 22 शिकायतों में इस्तेमाल किए गए 11 मोबाइल नंबर एक ही पॉइंट ऑफ सेल से जारी किए गए थे. इन मामलों में देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों से कुल 2 करोड़ 91 लाख 18 हजार 286 रुपये की ठगी की गई थी.
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान उसके घर से 47 सिम कार्ड बरामद हुए. इनमें 43 एयरटेल और 4 जियो के सिम शामिल हैं. पुलिस ने सभी सिम कार्ड को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि इनका इस्तेमाल किन-किन साइबर अपराधों में किया गया.
पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं. उसने बताया कि वह गांव के गरीब और कम पढ़े-लिखे लोगों के नाम पर सिम कार्ड निकलवाता था. इसके बाद उन्हें खुद एक्टिव करता और साइबर ठगों तक पहुंचा देता था. यही सिम कार्ड देशभर में ऑनलाइन ठगी, इन्वेस्टमेंट स्कैम और दूसरे साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जाते थे.