Bihar News: गया जिले में गुरुवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपा दिया। चंद पलों में तीन मासूम जिंदगियां छिन गई। आंधी-तूफान के कारण दो मासूम बच्चे और एक मां की दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
अलग-अलग इलाकों में पेड़ और दीवार गिरने की घटनाओं में तीन की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चे और एक महिला शामिल हैं। टनकुप्पा, वजीरगंज और फतेहपुर में ये मौतें हुई हैं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के कढ़ौना गांव में 12 वर्षीय मुन्नू चौधरी पर आंधी के दौरान पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह अपनी नानी के घर आया हुआ था।
वहीं, मानपुर के दुधैला गांव में ताड़ के पेड़ के नीचे आने से लक्ष्मीनिया देवी की जान चली गई। वह खेत में उपला उठा रही थीं। टनकुप्पा प्रखंड के मायापुर गांव में 8 साल के विश्वजीत कुमार की दीवार गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। तेज हवा के बीच घर लौटते वक्त वह पड़ोसी के घर के पास से गुजर रहा था, तभी ईंट की दीवार उसके सिर पर जा गिरी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।






