Bihar News: बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है. निगरानी ब्यूरो की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में एक प्रखंड विकास पदाधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है.
खबर गयाजी से है, जहां एक रिश्वतखोर बीडीओ को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारी ने प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी से रिश्वत की मांग की थी. इसके बाद प्रखंड प्रमुख ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई. निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर गयाजी प्रखंड के बीडीओ राकेश कुमार को सदर प्रमुख के चैंबर से 50 हजार रू रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. निगरानी ब्यूरो की तरफ से बताया गया है कि शिकायतकर्ता से लेबर मद में 3.5 लाख की राशि भुगतान में 50 हजार रू रिश्वत की मांग की गई थी.
प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद निगरानी ब्यूरो की टीम पूछताछ में जुटी है. बताया जाता है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बिल पास करने के एवज में घूस की मांग की थी. जिसके बाद प्रखंड प्रमुख ने शिकायत की. निगरानी के उपाधीक्षक सतेंद्र राम के नेतृत्व में गठित धावा दल ने बीडीओ को गिरफ्तार किया है.





