Cyber Fraud: पूरे देश में साइबर फ्रॉड के केस बढ़ते जा रहे हैं। इसी क्रम में सिंगापुर में हुए साइबर फ्रॉड का कनेक्शन बिहार से जुड़ रहा है। सिंगापुर के लोगों से साइबर अपराधियों ने ठगी की थी, जिसकी राशि बिहार पहुंची है। नालंदा, नवादा एवं पटना के बैंक खातों से पैसों की निकासी की गई है। जिसके बाद हड़कंप मच गया है।
सिंगापुर में हुए साइबर फ्रॉड का कनेक्शन बिहार से जुड़ने के बाद सीबीआई अब नालंदा और नवादा में बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चलाने वाली है। साइबर फ्रॉड में बिहार के पांच जिले संवेदनशील हैं, इनमें नालंदा और नवादा के अलावा शेखपुरा, जमुई और पटना भी शामिल हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी साइबर अपराधियों के खिलाफ देश भर में ऑपरेशन चला रही है। इसी कड़ी में नालंदा और नवादा में भी बड़े पैमाने पर छापेमारी की जा सकती है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, साइबर क्रिमिनल्स ने पिछले दिनों सिंगापुर के लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया था। जांच में पता चला है कि शातिरों ने पीड़ितों से जो रकम वसूली थी, उसे भारत के अपने एजेंटों के विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराई थी। बाद में यह राशि पटना, नालंदा और नवादा के बैंक खातों में ट्रांसफर कर उसकी निकासी की गई। अब सीबीआई इसकी विस्तृत जांच करने वाली है।






