Bihar News: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड स्थित रिफ्यूजी प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को चापाकल का पानी पीने से लगभग एक दर्जन बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत हुई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बीमार बच्चों में पिंकी कुमारी, हिमांशु कुमार, प्रिंस कुमार, अरुण कुमार, शिवानी कुमारी, बिट्टू कुमार, साजन कुमार, सिमरन कुमारी, भोला कुमार, विशाल कुमार, कृष्णा कुमार और विकास कुमार शामिल हैं। बच्चों को तत्काल भैंसही अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया रेफर कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, सुबह स्कूल खुलने के बाद कुछ बच्चे विद्यालय परिसर में लगे चापाकल से पानी पीने पहुंचे। कुछ ही देर में उन्हें उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने लगे। बाद में अन्य बच्चों ने भी वही पानी पी लिया, जिससे कुल लगभग 12 बच्चे बीमार हो गए। डॉक्टर दिवाकांत मिश्रा, उपाधीक्षक जीएमसीएच, ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें बेहतर जांच और इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गए। चापाकल के पानी की जांच कराई जाएगी ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना की जानकारी मिलने पर बच्चों के अभिभावक भी अस्पताल पहुंच गए और उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई।




