CBI Raids IIT Patna: आईआईटी पटना में बड़े घोटाले की आहट के बीच सीबीआई ने बुधवार को बिहटा स्थित कैंपस में छापेमारी की, जिससे हड़कंप मच गया। जांच एजेंसी ने करीब 8 घंटे तक गहन तलाशी ली और इस दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए। हालांकि, अब तक न तो आईआईटी प्रशासन और न ही सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
ऑनलाइन पाठ्यक्रम, कंप्यूटर और फर्नीचर खरीद में गड़बड़ी की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, आईआईटी पटना में ऑनलाइन पाठ्यक्रम, कंप्यूटर और फर्नीचर की खरीद में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा, करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य की निविदाओं में भी गड़बड़ी की बात सामने आई है।
छात्रों ने भी की थी शिकायत, केंद्र सरकार तक पहुंचा मामला
केंद्र सरकार को मिली शिकायतों के बाद सीबीआई को मामले की जांच सौंपी गई। बताया जा रहा है कि आईआईटी पटना के छात्रों ने भी ईमेल के जरिए संस्थान में हो रही अनियमितताओं को लेकर शिकायतें की थीं।
डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में हुई छापेमारी
सीबीआई की 7-8 सदस्यीय टीम बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बिहटा स्थित आईआईटी कैंपस पहुंची। डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने संस्थान से जुड़ी वित्तीय फाइलों की मांग की और गहन छानबीन के बाद कई दस्तावेज जब्त किए। अब इस मामले में आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे घोटाले का खुलासा हो पाएगा। सीबीआई की जांच जारी है, और जल्द ही इससे जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।





