Bihar Road Project: बिहार में सड़कों को अपग्रेड करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है. कई सड़कों को फोर लेन में बदलने की कवायद जारी है. मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन निर्माण में आ रही बाधा दूर हो गई है. वन विभाग से भी एनओसी मिल गई है. अब इस सड़क का टेंडर निकाला जायेगा.संभावना है कि सितंबर महीने से निर्माण का कार्य शुरू हो.
खबर के मुताबिक, मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन का निर्माण हाईब्रिड एन्यूटी मोड में कराया जाना है. एनएचएआई ने पूर्व में ही इस प्रस्ताव पर मंजूरी दे दी है. फोरलेन के निर्माण के लिए एनओसी का ही इंतजार किया जा रहा था,जो मिल गया है. अब एजेंसी का चयन का काम शुरू होगा. इस फोरलेन के निर्माण होने से नेपाल जाना आसान होगा.
इसके निर्माण में लागत 3590.79 करोड़ रुपए बताया गया है, फिलहाल 2831.42 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है, जिससे लगभग 82.551 किमी सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा. इस फोरलेन को 22 मीटर की चौड़ाई में बनाया जाएगा. इसमें करीब 2 मीटर चौड़ा डिवाइडर भी होगा.
फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू 910 दिनों में पूरा कर लेने का लक्ष्य तय किया गया है. जमीन अधिग्रहण का काम भी पूरा कर लिया गया है. मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन के बनने से मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के आस-पास के जिलों के बीच आना-जाना आसान हो सकेगा. रोजगार, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकेगा.





