Bihar News: बक्सर जिले के नया भोजपुर गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां पति से मामूली विवाद के बाद सविता देवी (30) ने अपने तीन मासूम बच्चों ज्योति (5), आकाश (3) और विकास (1) के साथ कीटनाशक जहर खा लिया। अस्पताल पहुंचते-पहुंचते चारों की जान चली गई। गांव में मातम पसरा है और रोते-बिलखते परिजनों का करुण क्रंदन थमने का नाम नहीं ले रहा।
ग्रामीणों के मुताबिक सविता के पति सुनील कुमार राज मिस्त्री का काम करते हैं। यह उनकी तीसरी शादी थी। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। मंगलवार को फिर किसी बात पर कहासुनी हुई, जिसके बाद सुनील काम पर चले गए। घर लौटने पर उन्होंने पत्नी और बच्चों को बेहोशी की हालत में पाया। पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सविता और दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे बच्चे को पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह कारण लग रहा है। कुछ लोगों ने मोबाइल को विवाद की वजह बताया, तो कुछ ने दूसरी बातें कहीं है। परिजन सदमे में हैं, इसलिए अभी ठीक से पूछताछ नहीं हो पाई। चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। लिखित शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज होगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
इस घटना की खबर फैलते ही गांव में सैकड़ों लोग जुट गए। मासूम बच्चों की लाशें देखकर महिलाएं फूट-फूटकर रोने लगीं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते किसी ने इन्हें समझ दिया होता तो शायद चार जिंदगियां बच जातीं। एक मां का यह कदम पूरे गांव को सालों तक सताता रहेगा। फिलहाल मातम और सन्नाटे के सिवा गांव में कुछ नहीं बचा है।






