Bihar News: बेतिया के नरकटियागंज से एक बड़ी खबर आ रही है, जहां मोहर्रम जुलूस के दौरान कट्टा लहराना एक युवक को भारी पड़ गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है और अब वह जेल में कुछ समय व्यतीत करेगा।
यह घटना नरकटियागंज में आयोजित मोहर्रम जुलूस के दौरान हुई है। तजिया जुलूस में शामिल लोग अपने-अपने करतब दिखा रहे थे, तभी शिवगंज निवासी समीर आलम नामक युवक ने इस मौके पर देशी कट्टा लहराना शुरू कर दिया। जुलूस में तैनात पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने तुरंत उसे कट्टे सहित पकड़ लिया।
युवक को इसके बाद नरकटियागंज थाने ले जाया गया, जहां उसकी पहचान समीर आलम के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि देशी कट्टा जब्त कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास हथियार कहां से आया और उसका मकसद क्या था।
रिपोर्टर: संतोष कुमार, बेतिया






