Bihar School News: बिहार के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 1 करोड़ 30 लाख बच्चों को मध्याह्न भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराने का आदेश सभी जिलों को जारी किया गया है।
मध्याह्न भोजन निदेशालय के निदेशक विनायक मिश्र ने सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (मध्याह्न भोजन) को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों को दोपहर का भोजन बंद नहीं होना चाहिए। प्राथमिक विद्यालयों में एलपीजी से ही मध्याह्न भोजन बनाया जाएगा।
एलपीजी की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन आयल कॉरपोरेशन लिमिटेड से संपर्क किया गया है। इंडियन आयल ने प्राथमिकता के आधार पर विद्यालयों को एलपीजी की निरंतर आपूर्ति का भरोसा दिलाया है।
विनायक मिश्र ने बताया कि राज्य में एलपीजी स्टॉक की कोई कमी नहीं है और सभी 38 जिलों को पूर्व की भांति गैस सिलिंडर आपूर्ति की जाएगी। यदि किसी विद्यालय में आकस्मिक कारण से एलपीजी खत्म हो जाती है, तो वैकल्पिक रूप से लकड़ी से मध्याह्न भोजन बनाया जाएगा। हालांकि, मुख्यालय स्तर से किसी जिले को लकड़ी से खाना पकाने का निर्देश नहीं दिया गया है। यह विकल्प केवल विशेष परिस्थितियों में यदाकदा अपनाया जाता है।




