Bihar News : बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य में 4 आईपीएस और दो DSP का तबादला किया गया है। इस बदलाव को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गृह विभाग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को उनके वर्तमान पद से हटाकर अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया गया है। इस फेरबदल का असर राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस व्यवस्था पर देखने को मिलेगा।
इस क्रम में राम कृष्ण, जो फिलहाल कटिहार में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर कार्यरत थे और साइबर क्राइम से जुड़े मामलों को देख रहे थे, अब उन्हें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बाढ़ के पद पर नियुक्त किया गया है। बाढ़ क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है।
वहीं आनंद कुमार सिंह, जो अभी तक बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के रूप में तैनात थे, उन्हें अब पुलिस उपाधीक्षक, उच्च न्यायालय सुरक्षा के पद पर भेजा गया है। हाईकोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
इसके अलावा अजय कुमार पाण्डेय जो वर्तमान में पुलिस उप महानिरीक्षक निगरानी ब्यूरो में तैनात थे उन्हें अब पुलिस उप महानिरीक्षक मद्य निषेध एवं ANTF में तैनात किया गया है।इसके अलावा प्रेरणा कुमार जो नवगछिया के एसपी थी उन्हें अब लखीसराय का एसपी बनाया गया है। अवधेश दीक्षित जो अभी लखीसराय के SP थे उन्हें पुलिस अधीक्षक (कार्मिक-1) बिहार पुलिस मुख्यालय में तैनात किया गया है. इसके साथ ही राजेश कुमार जो पुलिस अधीक्षक मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में तैनात थे उन्हें नवगछिया का एसपी बनाया गया है।






