Bihar News: बिहार सरकार एक और हेलिकॉप्टर लीज पर लेने जा रही है. मासिक किराए पर उड़नखटोले के लिए सिविल विमानन विभाग ने कंपनियों को आमंत्रित किया है. 1 अप्रैल 2026 से नया हेलिकॉप्टर बिहार में आ जायेगा.
प्रति महीने उड़ान की अवधि 25 घंटे की होगी
बिहार के सिविल विमानन विभाग अति विशिष्ट लोगों के लिए किराये पर एक हेलिकॉप्टर लेने जा रही है. नया हेलिकॉप्टर 1 अप्रैल से उपलब्ध होगा. सरकार ने इसके लिए कंपनियों को आमत्रित किया है. सरकार ने हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराने के लिए डीजीसीए, भारत के अधीन एनएसओपी धारक संचालकों से दो इंजन वाले, वीवीआईपी/आईपी कॉन्फ़िगरेशन वाले 8+2 (वीआईपी कॉन्फ़िगरेशन - 7 सीटर) बैठने की क्षमता वाले हेलीकॉप्टर को मासिक किराए पर लेने का निर्णय लिया है. इसके लिए टेंडर जारी किए गए हैं. इसके लिए सरकार ने कई शर्तें रखी है. सिविल विमानन विभाग की शर्त में स्पष्ट किया गया है कि हेलिकॉप्टर मासिक कराए पर होगा. साथ ही एक महीने में उड़ान का समय 25 घंटे का होगा.
खराब होने पर बैकअप हेलिकॉप्टर देना होगा
सरकार की शर्त में कहा गया है कि यदि आवश्यक हो तो प्रति माह 4 दिनों तक हेलीकॉप्टर को रखरखाव के लिए ग्राउंड करने की अनुमति होगी। यदि तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हेलीकॉप्टर को ग्राउंड किया जाता है और यह अवधि एक माह में 4 दिनों से अधिक हो जाती है, ऐसे में कंपनी को हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराना होगा. अगर कंपनी बैकअप हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने में विफल रहता है, तो प्रति दिन निर्धारित मासिक शुल्क (एक दिन के लिए) का 1/15वां हिस्सा जुर्माना लगाया जाएगा. इस प्रकार से गणना की गई राशि मासिक बिल या प्रति घंटा उड़ान शुल्क बिल से काट ली जाएगी।





