Mock drill Bihar: बिहार सरकार ने राज्यभर में नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिससे भारत-पाक तनाव जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने में आम जनता सतर्क और जागरूक रह सके।
विकास आयुक्त एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा बैठक की, जिसमें नागरिक सुरक्षा निदेशालय के महानिदेशक परेश सक्सेना, एनसीसी, एनएसएस, और स्काउट गाइड के अधिकारी भी शामिल हुए।
प्रत्यय अमृत ने बताया कि राज्य के सभी जिलों, अनुमंडलों और गांवों में मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को सिखाया जाएगा कि संकट की स्थिति में क्या करना चाहिए और क्या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली मॉक ड्रिल के दौरान हुई गलतियों से सीख लेते हुए इस बार ब्लैकआउट के दौरान सख्ती बरती जाएगी।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को पटना, पूर्णिया, किशनगंज, बेगूसराय, अररिया, कटिहार और बरौनी में मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी, जहां कुछ लोगों ने ब्लैकआउट के दौरान अपने घरों की लाइट और वाहनों की हेडलाइट जलाए रखी थीं। वहीं, कुछ लोग सड़कों पर निकलकर नारेबाजी और वीडियो रिकॉर्डिंग करते भी देखे गए थे।






