ARRAH: आरा-बक्सर फोरलेन पर शुक्रवार की शाम जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र अंतर्गत बामपाली के पास एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। रामनवमी शोभा यात्रा देखकर लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 24 वर्षीय प्रद्युम्न कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मित्र 25 वर्षीय रामबाबू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक प्रद्युम्न कुमार गजराजगंज ओपी क्षेत्र के हरनाथ कुंडी गांव के निवासी थे और स्नातक के छात्र थे। घायल रामबाबू कुमार उसी गांव के कैलाश प्रसाद के पुत्र हैं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रद्युम्न कुमार को मृत घोषित कर दिया। रामबाबू कुमार का इलाज जारी है।
परिजन बताते हैं कि दोनों युवक रामनवमी की शोभा यात्रा देखने के लिए आरा आए थे। घटना के समय वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक और कोहराम मचा हुआ है।





