Hindi News / bihar / bhojpur-news / बिहार के इस जिले में दो साल से जमे दारोगा और ASI बदले...

बिहार के इस जिले में दो साल से जमे दारोगा और ASI बदले गए, 40 पुलिस अधिकारियों का तबादला

Bihar Police News: भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने जिले में 40 दारोगा और एएसआई का बड़ा तबादला किया है। इस कदम का उद्देश्य अनुसंधान कार्यों में तेजी लाना और विधि-व्यवस्था को मजबूत करना बताया गया है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 02, 2026, 11:00:13 AM

Bihar Police News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो File

Bihar Police News: भोजपुर पुलिस अधीक्षक राज ने जिले में अनुसंधान कार्यों को तेज करने और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों का तबादला किया है। करीब दो वर्षों से एक ही थाने में तैनात 40 दारोगा और एएसआई को इधर-उधर किया गया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। 


एसपी ने बताया कि यह तबादला पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए किया गया है। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न थानों और अनुसंधान इकाइयों में अधिकारियों का पुनः समायोजन किया गया है। 


नवादा थाना, नगर थाना, जगदीशपुर, कोईलवर, मुफस्सिल, बड़हरा और उदवंतनगर सहित कई थानों को नए अधिकारी दिए गए हैं। नगर थाना को पांच, नवादा को सात, जगदीशपुर को पांच, कोईलवर को तीन, मुफस्सिल को तीन, बड़हरा को दो तथा उदवंतनगर की अनुसंधान इकाई को दो अधिकारी मिले हैं।


धोबहां, अजीमाबाद, नारायणपुर, आयर, कृष्णगढ़, तरारी, हसन बाजार, सिकरहट्टा सहित कई थानों से दारोगा और एएसआई को नगर, नवादा और अन्य थानों में भेजा गया है। अनुसंधान इकाइयों में भी व्यापक बदलाव करते हुए कई अधिकारियों को कोईलवर, मुफस्सिल, बड़हरा और जगदीशपुर भेजा गया है। कुछ अधिकारियों को यातायात और विशेष इकाइयों में भी स्थानांतरित किया गया है।


पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को बदलकर जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी लाने का प्रयास किया गया है। इससे थानों में कार्यकुशलता बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण में भी सुधार होगा। एसपी ने कहा कि यह कदम जिले की विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है और इससे पुलिसिंग व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।