ARRAH: आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कौंरा मठिया के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 10 वर्षीय खुशी कुमारी की मौत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में उसके मामा सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृत बच्ची खुशी कुमारी अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के बबूराही टोला की निवासी थी और वह सातवीं कक्षा की छात्रा थी। घायल सूरज कुमार बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव के मोहन ठाकुर के पुत्र हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलथर गांव के समीप ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।





