Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला कहलगांव थाना क्षेत्र के लालपुर भादेव गांव का है, जहां युवक को शराब के नशे में खेत में पड़ा पाया गया और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सुभाष कुमार राम (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लालपुर भादेव गांव के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार, सुभाष करीब दो महीने बाद अपने घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने से कुछ दूरी पहले ही वे खेत में नशे की हालत में गिर पड़े।
घटना की जानकारी तब सामने आई जब गांव के एक बच्चे ने सुभाष को खेत में पड़े देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो सुभाष बदहवास हालत में जमीन पर पड़े थे और उनके शरीर से शराब की तेज गंध आ रही थी। उनकी हालत बेहद गंभीर लग रही थी, जिससे परिवार के लोग घबरा गए।
परिजनों ने बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। देर रात करीब 1:30 बजे इलाज के दौरान सुभाष ने दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के साले ने बताया कि उसकी बहन की शादी साल 2019 में सुभाष कुमार राम के साथ हुई थी। हालांकि शादी के कुछ ही दिनों बाद उसकी बहन ससुराल छोड़कर मायके लौट आई थी। साले का आरोप है कि उसकी बहन को ससुराल में सम्मान नहीं मिला, जिसके कारण वह वहां नहीं रह सकी।
सुभाष की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और हर कोई इस दुखद घटना पर संवेदना जता रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत सिर्फ शराब के अत्यधिक सेवन से हुई या इसके पीछे कोई और कारण भी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।




