Bihar News: बिहार सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आज भागलपुर में बड़ी कार्रवाई की है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) कार्यालय में छापेमारी कर टीम ने एक लिपिक मयंक कुमार और एक स्टेनो प्रेम कुमार को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, नाथनगर आपूर्ति कार्यालय में तैनात अभिजीत कुमार से उनकी सेवा संपुष्टि (Service Confirmation) के बदले आरोपियों ने मोटी रकम की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विभाग ने जाल बिछाया।
निगरानी डीएसपी विद्यांचल प्रसाद के नेतृत्व में 9 सदस्यीय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही पीड़ित ने पैसे दिए, सादे लिबास में मौजूद टीम ने दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
निगरानी की टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पटना रवाना हो गई है, जहां उन्हें विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।


