BETTIAH: बेतिया–मोतिहारी एनएच पर सुप्रिया सिनेमा के समीप अरोड़ा स्वीट्स के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंडेन गैस सिलेंडर से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी ट्रक में फंस गई और चालक उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया।
हादसे में पूरबी करगहिया निवासी बब्लू कुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसी दौरान उसने दो अन्य बाइक सवारों को भी टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।





