Hindi News / bihar / begusarai-news / गंगा घाट पर दर्दनाक हादसा: नदी में स्नान के दौरान डूबीं ननद-भौजाई, एक...

गंगा घाट पर दर्दनाक हादसा: नदी में स्नान के दौरान डूबीं ननद-भौजाई, एक का शव बरामद

Bihar News: बेगूसराय के सिमरिया गंगा घाट पर स्नान के दौरान ननद-भौजाई गहरे पानी में डूब गईं, जिसमें एक महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jun 06, 2026, 1:55:29 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: बेगूसराय से इस वक्त एक दुखद खबर सामने आ रही है। जिले के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान डूबने से ननद और भाभी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गंगा घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


मृतकों की पहचान दरभंगा जिले की रहने वाली मुस्कान कुमारी एवं उनकी भाभी मुन्नी देवी के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व परिवार की दादी का निधन हो गया था। श्रद्धाकर्म संपन्न होने के बाद परिवार के सभी सदस्य गंगा स्नान के लिए सिमरिया गंगा घाट पहुंचे थे। गंगा स्नान के दौरान परिवार के अन्य सदस्य स्नान कर बाहर निकल आए, जबकि मुस्कान कुमारी और उनकी भाभी मुन्नी देवी गंगा में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।


दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्हें सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। देखते ही देखते दोनों महिलाएं गंगा की धारा में समा गईं। घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई गई। 


काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने मुस्कान कुमारी का शव बरामद कर लिया। वहीं मुन्नी देवी के शव की तलाश देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों द्वारा जारी रही। पुलिस ने बरामद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।