Bihar News: बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री प्लेटफार्म पर गिर पड़ा, लेकिन मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान की तत्परता और सूझबूझ से उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 15553 अप (भागलपुर–जयनगर एक्सप्रेस) सुबह 10:31 बजे बेगूसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर पहुंची थी और निर्धारित समय 10:34 बजे प्रस्थान करने लगी। इसी दौरान एक यात्री दौड़ते हुए ट्रेन के पास पहुंचा और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा।
ट्रेन में चढ़ते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। घटना को देखकर वहां ड्यूटी पर तैनात RPF के उप-निरीक्षक संजय कुमार सहनी ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच जाने से बचा लिया। उनकी फुर्ती से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
पूछताछ के दौरान घायल यात्री की पहचान अजीत कुमार (44 वर्ष) के रूप में हुई है। वह भागलपुर जिले के परशुराम थाना क्षेत्र के निवासी वीरेंद्र सिंह के पुत्र हैं। अजीत कुमार ने बताया कि वह नवगछिया से समस्तीपुर की यात्रा कर रहे थे। बेगूसराय स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह स्टॉल से कुछ सामान खरीदने के लिए उतर गए थे। इसी बीच ट्रेन खुल गई और जल्दबाजी में चढ़ने के प्रयास में गिर पड़े।
गिरने से उनके माथे पर हल्की चोट लगी और थोड़ा खून भी निकल आया। RPF कर्मियों ने तुरंत वॉकी-टॉकी के जरिए ट्रेन को रुकवाया और घायल यात्री को ट्रेन के ट्रेन मैनेजर की गार्ड बोगी में बैठाकर आगे की यात्रा के लिए भेज दिया। इस संबंध में RPF निरीक्षक सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश बिल्कुल न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।




