BEGUSARAI: बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौलाडीह में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौलाडीह की है। बताया जाता है कि भीठ पुल के समीप हुई इस घटना में एक चौकीदार समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए और बीएसएफ वाहन के शीशे तोड़ डाले।
पिकेट प्रभारी अकरम खान ने बताया कि पुलिस टीम अवैध शराब कारोबार के खिलाफ छापेमारी के लिए भीठ गांव जा रही थी। इसी दौरान भीठ पुल के पास कुछ शराब कारोबारियों ने पुलिस वाहन को रोक लिया और अचानक हमला कर दिया। हमले में जवान चिकू कुमार सिंह, मिंटू कुमार, राजू कुमार, चौकीदार रविंद्र कुमार तथा दो महिला कांस्टेबल घायल हो गईं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद भगवानपुर पीएचसी भेजा गया।
सूत्रों के अनुसार, उपद्रवियों ने सड़क जाम कर पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए और तीन राउंड फायरिंग की। जवाब में आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से पांच राउंड हवाई फायरिंग की गई। घटना की सूचना मिलते ही तेघरा डीएसपी कृष्ण कुमार, भगवानपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, एसआई अजय कुमार सिंह, वीरपुर अंचलाधिकारी भाई वीरेंद्र समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो महिला कारोबारियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।





