1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 02, 2026, 1:26:48 PM
गिरफ्त में घूसखोर - फ़ोटो Reporter
Bihar Vigilance Raid: बिहार के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निगरानी का एक्शन लगातार जारी है। राज्य के अलग-अलग जिलों से हर दिन भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मी रंगेहाथ पकड़े जा रहे हैं बावजूद इसके उनमें खौफ नहीं है। मंगलवार को बांका में निगरानी की टीम ने एक सर्वे अमीन को साढ़े 8 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी के इस एक्शन से हड़कंप मच गया है।
दरअसल, चांदन थाना क्षेत्र के दिग्घीवारी गांव निवासी दिनेश मंडल ने पटना स्थित निगरानी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने चांदन अंचल कार्यालय में तैनात सर्वे अमीन आदित्य कुमार पर आरोप लगाया था कि जमीन का सर्वे करने पहुंचे सर्वे अमीन आदित्य कुमार ने रुपयों की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर उसने जमीन के कागजात में जान बुझकर गलत नाम, चौहदी, रकबा और खेसरा में दर्ज कर दिया।
इस अशुद्धियों को सुधारने के लिए आरोपी द्वारा रुपयों की मांग की जा रही थी। जिसके बाद दिनेश मंडल ने इसकी शिकायत पटना पहुंचकर निगरानी से की। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी वसीम फिरोज के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया।
इसके बाद निगरानी की टीम मंगलवार की सुबह बांका पहुंची और आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। बांका स्थित अपने किराए के कमरे में आरोपी अमीन साढ़े 8 हजार रुपए रिश्वत ले रहा था, तभी निगरानी की टीम ने धावा बोल दिया और उसे रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे भागलपुर में स्पेशल निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा।