1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 07, 2026, 4:21:07 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Road Accident: बिहार के औरंगाबाद जिले में दाउदनगर-गया पथ पर गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने टक्कर में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ममता कुमारी (उपेंद्र यादव की पत्नी, हिच्छन बिगहा गांव, दाउदनगर), चुलबुल कुमारी (उपेंद्र यादव की पुत्री), खुशी कुमारी (बिनोद कुमार की पुत्री, डड़वां गांव, उपहारा थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।
जबकि इस हादसे में बिनोद कुमार के पुत्र समर कुमार और पुत्री मुस्कान कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र स्थित मधुश्रमा मलमास मेला से कार द्वारा लौट रहे थे। जैसे ही वाहन दधपी मोड़ के पास पहुंचा, तभी ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क पर ब्रेकर लगाए जाएं और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।