Bihar News: अरवल में 30 साल पुराने हत्या मामले में फरार अभियुक्त योगेंद्र दास ने आखिरकार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस की सख्ती और लगातार छापेमारी ने पुराने मामलों को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई है।
कुर्था थाना क्षेत्र में 1995 में दर्ज हत्या के मामले (कांड संख्या 141/1995) में अभियुक्त योगेंद्र दास पर गंभीर आरोप थे। घटना के बाद से वह 30 वर्षों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। हाल के महीनों में अरवल पुलिस ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान तेज किया, जिसमें विभिन्न थानों की टीमें लगातार छापेमारी और दबिश दे रही थीं।
पुलिस के इस दबाव और गिरफ्तारी की आशंका के चलते योगेंद्र दास ने अंततः माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनकी सख्त कार्रवाई का असर अब पुराने मामलों पर भी दिखने लगा है।
अरवल पुलिस ने इस आत्मसमर्पण को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है और अन्य फरार अभियुक्तों को भी आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय में जारी है।
रिपोर्टर: मृत्युंजय कुमार





