Hindi News / india / शादी में रसगुल्ले को लेकर बवाल, ईंट और डंडे से पीटा और दांत...

शादी में रसगुल्ले को लेकर बवाल, ईंट और डंडे से पीटा और दांत भी तोड़ डाले

कानपुर के पासीखेड़ा गांव में शादी समारोह के दौरान रसगुल्ले को लेकर विवाद हिंसक हो गया। बार-बार रसगुल्ले मांगने से मना करने पर पिता-पुत्रों ने पड़ोसियों पर ईंट और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक के दांत टूट गए।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 24, 2026, 10:16:35 PM

उत्तर प्रदेश न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो AI-generated image

KANPUR: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान रसगुल्ले को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और ईंटबाजी तक की नौबत आ गई। घटना घाटमपुर के साढ़ थाना क्षेत्र स्थित पासीखेड़ा गांव की है, जहां शादी में बार-बार रसगुल्ले मांगने से मना करने पर पिता-पुत्रों ने पड़ोसियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक के दांत टूट गए।


रसगुल्ले देने से मना करने पर हुआ विवाद

बताया जाता है कि देवी प्रसाद की बेटी की शादी थी। शनिवार रात बारात और जनातियों के लिए भोज का आयोजन किया गया था। गांव के सत्यपाल भी अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। मेजबान परिवार ने उन्हें रसगुल्ले के स्टॉल की जिम्मेदारी दी थी। रात करीब 11 बजे गांव के रामस्वरूप, उनके बेटे शिववरन और रोहित रसगुल्ले लेने पहुंचे। आरोप है कि उन्हें कई बार रसगुल्ले दिए गए, लेकिन बार-बार आने पर सत्यपाल ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।


ईंट और डंडों से किया हमला

रसगुल्ले देने से इनकार करने पर नाराज पिता-पुत्रों ने सत्यपाल और वहां मौजूद नन्हका पर हमला कर दिया। आरोप है कि ईंट और डंडों से की गई मारपीट में सत्यपाल घायल हो गए, जबकि नन्हका के दांत टूट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जौनपुर में भी बारात में हुई मारपीट

वहीं दूसरी ओर जौनपुर जिले में भी बारात के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष से खलौतीपुर निवासी टिल्ठू, उनके बेटे सतीशचंद और चंदन शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से आजमगढ़ जिले के निकासीपुर निवासी शनि कुमार और अभिषेक कुमार घायल हुए हैं। सभी घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में इलाज कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।