Patna News: बिहार की राजधानी पटना में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जब खुले नाले में गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बुधवार को पटना शहर के सैदपुर स्थित प्रोफेसर कॉलोनी, सरगम कम्युनिटी हॉल के पास शाहगंज नहर रोड पर हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नाले के पास से गुजर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे नाले में गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने जब युवक को नाले में गिरते देखा, तो उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। कुछ ही देर में युवक की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है, और पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी हुई है।
इस घटना ने नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नाला काफी समय से खुला हुआ है और इस रास्ते से रोज़ाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं। बारिश या कम रोशनी में यह नाला और भी खतरनाक हो जाता है। लोगों ने पहले भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और जल्द से जल्द नाले को ढंकने की मांग की। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा के उपाय किए गए होते, तो इस युवक की जान बच सकती थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि घटना के और स्पष्ट कारणों का पता चल सके। युवक की पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।





