Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में नागरिक स्वतंत्रता के प्रतीक हैं । जदयू प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि सीएम नीतीश की मौजूदगी इस बात की गारंटी है कि बिहारवासी सूबे के किसी भी कोने में किसी भी वक्त भयमुक्त विचरण करने के लिए स्वतंत्र हैं । उनके आत्म सम्मान और प्रतिष्ठा रक्षा के लिए सीएम नीतीश मौजूद हैं ।
तब के राज में लोग अच्छा कपड़ा पहनने से परहेज करते थे-जेडीयू
जेडीयू के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि, हकीकत में बिहार के लोगों ने इतने बुरे दौर देखे हैं कि उन्हें नीतीश के सिवा कुछ अच्छा नहीं लगता है, अन्यथा एक दौर वह भी था जब लोगों के सुबह की सैर से लेकर पार्कों और सार्वजनिक मनोरंजन के स्थलों सब पर खतरा मंडराते रहता था। भय का माहौल इतना गहरा था कि लोग अच्छा कपड़ा पहनने, अच्छा घर बनाने, अच्छी गाड़ी खरीदने या संपन्नता के किसी भी प्रदर्शन से सतर्क परहेज करते थे ।
राजद नेताओं-कार्यकर्ताओं के संस्कार में रत्ती भर भी बदलाव नहीं
आज भी राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं के संस्कारों में रत्ती भर भी बदलाव नहीं आया है । उनके तौर तरीके और उनके वाहनों में लगे राजद के झंडे आज भी लोगों में सिहरन पैदा करते हैं और पुराने दिनों की झलक दिखा जाते हैं।




