PATNA : पछुआ हवाओं की दस्तक ने बिहार में मौसम का मिजाज गरम कर दिया है। पटना समेत दक्षिण बिहार के ज्यादातर जिलों में पछुआ हवा चल रही है जिसकी वजह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पटना के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री का इजाफा हुआ है। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री जा पहुंचा जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।
राजस्थान से आने वाली गर्म हवा सूबे के तापमान को बढ़ा रही है। शनिवार को पटना का तापमान अप्रैल महीने में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। इससे पहले मौजूदा सीजन में पटना का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 30 मार्च को 39.6 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार को राज्य के अंदर सबसे ज्यादा गर्म गया शहर रहा। गया में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 12 और 13 अप्रैल से पटना के साथ-साथ आरा, बक्सर, नालंदा, गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा, औरंगाबाद, कैमूर, भभुआ समेत दक्षिण बिहार के ज्यादातर जिलों में हीट वेव का प्रकोप रहेगा। अप्रैल के आखिर में तापमान 42 डिग्री के आसपास जा सकता है।





