BETTIAH: सरकार के लाख कोशिशों के बावजूद बिहार में जमीन विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रामनगर थाना क्षेत्र के सोहसा फुलवरिया गांव का है, जहां सोमवार सुबह भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के नसरुद्दीन मियां और जय श्री राय उर्फ खोड़ा राय के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रविवार रात कुछ लोगों द्वारा विवादित जमीन पर जबरन अवैध निर्माण किया जा रहा था, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
सोमवार सुबह यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि जय श्री राय और उनके परिजनों ने नसरुद्दीन मियां पर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के पुत्र इस्लाम मियां ने बताया कि उनके पिता नसरुद्दीन मियां, मां शकीला खातून और बहन कुसुम खातून पर लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया। रास्ते में ही नसरुद्दीन मियां की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बगहा एसपी निर्मला कुमारी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट



