Bihar News: बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के ढीबरापर गांव में महिला के साथ हुई शर्मनाक छेड़खानी की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया तेज हो गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए निर्दलीय सांसद पप्पू यादव खुद नालंदा पहुंचे और पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने इस पूरे मामले को बेहद शर्मनाक और चिंताजनक बताया।
पप्पू यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाएं न सिर्फ नालंदा, बल्कि पूरे बिहार की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह घटना समाज में बढ़ती वहशी मानसिकता को उजागर करती है, जो बेहद खतरनाक संकेत है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान सांसद ने उन्हें ढांढस बंधाया और 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। उन्होंने परिवार को यह भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को लेकर हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। साथ ही उन्होंने पीड़िता के परिवार से गांव में रहकर ही रोजगार करने और हिम्मत बनाए रखने की अपील की।
सांसद ने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई नहीं होती है, तो अपराधियों का मनोबल और बढ़ता है।
पप्पू यादव ने इस बात पर भी चिंता जताई कि आजकल अपराधी इतनी हिम्मत जुटा लेते हैं कि अपनी घिनौनी हरकतों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देते हैं। यह सिर्फ कानून-व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि समाज की संवेदनहीनता का भी बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने यह भी कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि ऐसे मामलों में अक्सर पीड़िता के चरित्र पर ही सवाल उठाए जाते हैं, जबकि असली दोषियों पर कम ध्यान दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर समाज में यह मानसिकता क्यों और कैसे पनप रही है, जहां अपराधी खुलेआम घूमते हैं और पीड़ित को ही कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है।
सांसद ने समाज से भी अपील की कि वह इस तरह की घटनाओं पर चुप न रहे, बल्कि आगे आकर पीड़ितों का साथ दे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।






