1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 24, 2026, 7:01:57 PM
- फ़ोटो
Viral Video: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी चौक के पास एक शादी समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक अधेड़ व्यक्ति डीजे ट्रॉली पर लगे लड़कियों की तस्वीर वाले पोस्टरों के साथ अनुचित हरकत करता दिखाई दे रहा है। घटना सामने आने के बाद लोग हैरानी और नाराजगी जता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे गाड़ी निकाली गई थी। डीजे ट्रॉली पर कई पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें महिलाओं और डांसरों की तस्वीरें लगी थीं। इसी दौरान वहां मौजूद एक अधेड़ व्यक्ति पोस्टरों के पास पहुंच गया और तस्वीरों को चूमने लगा। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि पास खड़ा एक युवक उसे इशारों में ऐसा करने के लिए उकसा रहा है।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई और कई लोगों ने इस हरकत को शर्मनाक बताया।
सबसे ज्यादा लोगों को इस बात ने परेशान किया कि जिस समय यह घटना हो रही थी, वहां छोटे बच्चे और बच्चियां भी मौजूद थीं। इसके बावजूद अधेड़ व्यक्ति लगातार पोस्टरों के साथ अनुचित हरकत करता रहा। वीडियो में आसपास खड़े कुछ लोग हंसते और वीडियो बनाते भी दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने कहा कि सार्वजनिक जगह पर इस तरह की हरकत गलत संदेश देती है। वहीं कुछ लोगों ने इसे समाज में बढ़ती गलत मानसिकता से जोड़कर चिंता जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी और सार्वजनिक कार्यक्रमों में अक्सर डीजे गाड़ियों पर इस तरह के पोस्टर लगाए जाते हैं, लेकिन इस तरह की हरकतें माहौल खराब करती हैं। लोगों ने कहा कि परिवार और बच्चों के बीच होने वाले कार्यक्रमों में मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है।
हालांकि अभी तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।