MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर डकैती कांड का अहम खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर के कथैया थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर निवासी भबिक्षण राम के बेटे लक्ष्मण राम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण राम वर्ष 2018 में कांटी थाना क्षेत्र के बकटपुर पूर्वी टोला में कौशल किशोर सिंह के घर हुई भीषण डकैती कांड में वांछित था और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। करीब 8 साल बाद पुलिस ने उसे दबोचने में सफलता पाई है।
इस मामले की जानकारी कांटी थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी ने दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कांटी थाना पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलों के कुल 6 थानों में 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बरुराज, देवरिया, साहेबगंज, मोतीपुर, कथैया समेत विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उससे कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर अन्य मामलों में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की भी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में कांटी थाना के थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, एसआई बिदुर कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।





