Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से गोली मारकर हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक मेहनतकश कुम्हार की निर्मम हत्या कर दी गई। यह वारदात मोतीपुर थाना क्षेत्र के सेंदुआरी गांव की है, जिसने पूरे इलाके में दहशत में डाल दिया है।
मृतक की पहचान मकेश्वर पंडित (45) के रूप में हुई है, जो बालाजी पंडित के पुत्र थे। वह पेशे से कुम्हार थे और मिट्टी के बर्तन बनाकर बाजार में बेचते थे। इसी काम से वह अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार की रात मकेश्वर पंडित रोज की तरह मोतीपुर बाजार से बर्तन बेचकर अपने घर लौट रहे थे। आमतौर पर वह रात 8 बजे तक घर पहुंच जाते थे, लेकिन उस दिन देर हो गई। जब रात 9 बजे तक वह घर नहीं पहुंचे, तो परिवार वालों को चिंता होने लगी और उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान घर से करीब आधा किलोमीटर दूर सड़क किनारे उनकी साइकिल खड़ी मिली। इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। आसपास के खेतों में तलाश करने पर उनका शव बरामद हुआ, जिसे देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
मकेश्वर पंडित को सिर में गोली मारी गई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मृतक के पास से मोबाइल फोन और पैसे सुरक्षित मिले हैं। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि यह घटना लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि किसी आपसी रंजिश या दुश्मनी के कारण अंजाम दी गई है।
मकेश्वर तीन बच्चों के पिता थे और बेहद साधारण जीवन जीते थे। उनकी अचानक हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी और थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।





