Manish Kashyap: बिहार के मशहूर यूट्यूबर और बीजेपी नेता मनीष कश्यप ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने यह फैसला अपने यूट्यूब चैनल पर महिलाओं की पिटाई की खबर चलाने के बाद FIR दर्ज होने से नाराज होकर लिया है। मनीष कश्यप आधिकारिक रूप से शुक्रवार को बीजेपी से इस्तीफा देंगे और उसके बाद गिरफ्तारी के लिए जाएंगे।
मनीष कश्यप ने बताया कि उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर छपरा के दिघवारा थाना में महिलाओं की पिटाई की खबर दिखाई थी। इस खबर के बाद उनके चैनल के खिलाफ FIR दर्ज हो गई। इससे नाराज होकर मनीष ने बीजेपी छोड़ने का फैसला किया है। मनीष कश्यप ने कहा कि वह पहले पार्टी से इस्तीफा देंगे। उसके बाद उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
आपको बता दें कि छपरा के साइबर थाने में गलत और भ्रामक खबर फैलाने के आरोप में 11 यूट्यूबरों पर FIR दर्ज हुई थी। इसमें मनीष कश्यप का भी चैनल शामिल है। इससे नाराज होकर मनीष ने फेसबुक लाइव आकर बीजेपी से इस्तीफा देने का फैसला किया। मनीष कश्यप ने पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ज्वाइन की थी। उन्हें दिल्ली में पार्टी की सदस्यता दी गई थी। सदस्यता लेने के बाद मनीष कश्यप ने जेपी नड्डा और नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। बीजेपी में शामिल होने के बाद मनीष कश्यप ने कहा था कि अपनी मां के कहने पर मैंने ये फैसला लिया है।






