Jamui News: बिहार के जमुई में एक ऐसा घर है जो पानी में तैरता है। जी हां बिहार के इंजीनियर ने गजब का जुगाड़ू तंत्र लगाते हुए पानी में तैरने वाला घर बना दिया है। प्लास्टिक के ड्रम और लोहे की पाइप से इंजीनियर ने इस तैरने वाले घर को बनाया है। तैरने वाले घर को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट रही है।
दरअसल जमुई जिला मुख्यालय के रहने वाले श्रीकांत विश्वकर्मा ने इस घर को बनाया है और फिलहाल इसे जमुई जिले के बरहट प्रखंड क्षेत्र की अति प्रसिद्ध कुकुरझप डैम में लगाया गया है। इस घर की सबसे खास बात यह है कि ये पानी में एक जगह से दूसरी जगह तैरती है और इसे आसानी से यहां से वहां ले जाया जा सकता है। इस घर को बनाने के लिए लोहे के स्क्वायर पाइप का इस्तेमाल किया गया है, जिसके सहारे इस पूरे घर का फ्रेम बनाया गया है।
श्रीकांत विश्वकर्मा ने बताया कि घर के नीचे प्लास्टिक के ड्रम लगे हैं, जिसे अच्छी तरह से सील करके घर का बेस तैयार किया गया है और उन्हीं ड्रम के सहारे यह घर पानी में तैरता रहता है और यह कभी डूबता भी नहीं है। घर के ढांचे के लिए टीन के शेड का इस्तेमाल किया गया है। इस घर को बनाने में दो से तीन दिनों का समय लगा है। दरअसल इस घर का इस्तेमाल ऐसे तो मछली पालन के लिए किया गया है, लेकिन आप यहां पहुंचकर इसमें बैठ भी सकते हैं और घूमने का भी मजा उठा सकते हैं।






