Bihar News: सहरसा के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र में पाया नंबर 34/9 के पास रेलवे ट्रैक के समीप लगभग 55 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सुपौल जिले के छातापुर निवासी जगदेव डिलवार के रूप में हुई है। शव पर एक हाथ कटा हुआ, दूसरा हाथ टूटा हुआ है और दाढ़ी सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर जख्म के निशान पाए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत सोनवर्षा कचहरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में थानाध्यक्ष अंजली भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि बुजुर्ग की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। हालांकि, शरीर पर जख्म के निशान और कटे हुए हाथ को देखते हुए अन्य संभावनाओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचा था। सोनवर्षा कचहरी थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्टर: रितेश






