Bihar News: बिहार के किशनगंज जिले के कजला मनी मिलनपल्ली मोहल्ले में गुरुवार को चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये नकद व कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया है। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी अजीत कुमार झा अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने कोचाधामन प्रखंड के अशूरा गांव गए हुए थे।
गुरुवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने अजीत झा को फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उन्होंने एक परिचित को घर भेजा, जिसने चोरी की पुष्टि की। घर लौटने पर अजीत झा ने देखा कि अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। अजीत झा के मुताबिक चोर करीब 3 लाख 70 हजार रुपये नकद, 7 भर सोने के जेवरात और 20 भर चांदी के गहने लेकर फरार हुए हैं।
इस घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्ती पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
रिपोर्ट: नौशाद आलम






