Bihar Police News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। जारी किए गए ताजा आदेश के तहत कुल 8 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है, जिसमें कई थानों के प्रभारियों को बदला गया है।
SSP द्वारा जारी सूची के अनुसार, पंकज कुमार को कटरा थाना से स्थानांतरित कर तुर्की थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, मोतीपुर थाना की अनुसंधान इकाई में तैनात मनीष कुमार (प्रथम) को अब कटरा थाने की कमान सौंपी गई है। सदर थाना से कुणाल कुमार कश्यप को बरूराज थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अहियापुर थाना की अनुसंधान इकाई में कार्यरत विपिन रंजन अब ब्रहमपुरा थाना के नए थानाध्यक्ष होंगे।
इसके अतिरिक्त, मीनापुर थाना से देवेन्द्र चौधरी को हथौड़ी थाना और अहियापुर थाना की अनुसंधान इकाई से आशुतोष कुमार शुक्ला को पारू थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत ब्रहमपुरा थाना की वर्तमान थानाध्यक्ष विजय लक्ष्मी और बरूराज थाना के थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा को उनके मौजूदा पदों से हटा दिया गया है। इन दोनों अधिकारियों को अब यातायात थाना की अनुसंधान इकाई में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस फेरबदल का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण पाना और लंबित अनुसंधान कार्यों में तेजी लाना है। SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें। पुलिस कार्यालय के अनुसार, अधिकारियों की कार्यकुशलता और अनुभव के आधार पर यह निर्णय लिया गया है ताकि स्थानीय स्तर पर शांति व्यवस्था और पुलिसिंग की गुणवत्ता में गुणात्मक सुधार हो सके।





