Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के डंडारी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक छात्रा का शव रविवार सुबह गांव के पास स्थित नहर से बरामद किया गया। छात्रा की पहचान 19 वर्षीय शिवानी कुमारी के रुप हुई है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले शुक्रवार दोपहर से वह लापता थी। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, डंडारी थाना क्षेत्र के डंडारी गांव नवटोलिया निवासी राधे यादव की नतनी और साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के सीरैया गांव निवासी स्वर्गीय बौधू यादव की पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। शिवानी शुक्रवार दोपहर घर से पास के खेतों में गाय के लिए घास लाने गई थी। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं चला। रविवार सुबह गांव के ही कुछ लोगों ने डंडारी नहर में शिवानी का शव तैरता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि शिवानी के पिता का निधन करीब 10 साल पहले हो गया था। तब से वह अपनी मां के साथ नाना-नानी के घर डंडारी में रह रही थी और यहीं रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना पर डंडारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। ग्रामिणों का कहना है कि शिवानी के अचानक लापता होने और फिर शव बरामद होने से लोग स्तब्ध हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।





