Road Accident: बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र में शनिवार को पनसल्ला ढाला के पास एक ट्रक और पिकअप वाहन की भीषण टक्कर में पिकअप चालक मोहम्मद नौशाद की दर्दनाक मौत हो गई है। इस हादसे में पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक का शव वाहन में फंस गया। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लाखो थाना क्षेत्र के पनसल्ला ढाला के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक मोहम्मद नौशाद (समस्तीपुर जिला निवासी) की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव पिकअप के मलबे में बुरी तरह फंस गया था।
इस घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पिकअप को काटकर कई घंटों की मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। फिर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। उधर मोहम्मद नौशाद की मौत की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: हरेराम दास, बेगूसराय






