ARWAL:अरवल जिले के कुर्था थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब गैस सिलेंडर लीकेज रहने के चलते एक घर में अचानक आग लग गई। जिससे एक ही परिवार के 5 लोग बुरी तरह झुलस गए। घटना कुर्था-शकूराबाद मुख्य मार्ग पर स्थित किरासन तेल टंकी के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापुर गांव निवासी विद्यानंद यादव के मकान में कोठिया मानिकपुर गांव निवासी अरुण कुमार यादव अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। मंगलवार की सुबह उनकी पत्नी बीना देवी रोज की तरह गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस लीकेज होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के 5 लोग आग की चपेट में आ गए।
इस हादसे में बीना देवी (33 वर्ष), पंकज कुमार (36 वर्ष), रूपा कुमारी (12 वर्ष), श्रेया कुमारी (3 वर्ष) और शिवानी कुमारी (2 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत कुर्था सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की आवश्यकता पड़ सकती है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को लेकर चिंता जताई है और गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि रसोई गैस का उपयोग करते समय जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।





